Pilibhit News: नेपाल सीमा के गांव में चौपाल लगाकर डीएम ने सुनीं समस्याएं

नेपाल सीमा के गांव सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज में समस्याएं सुनते डीएम ।
पूरनपुर। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने सोमवार को इंडो-नेपाल सीमा के गांव सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज पहुंचकर चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। चौपाल में गांव के लोगों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, दूरसंचार, परिवहन आदि की समस्याएं रखी। कहा कि जंगल की जमीन पर गांव बसा है। आए दिन वन विभाग के अफसर, कर्मचारी परेशान करते है। डीएम ने समस्याओं के समाधान कराने का आश्वासन दिया।
शारदा पार के गांव में बारिश के चलते सीधे आवागमन का रास्ता न होने पर सोमवार को डीएम खुटार, मैलानी, पलिया, संपूर्णानगर होते हुए नेपाल सीमा के गांव सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज पहुंचे। गांव में चौपाल लगाकर उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी। गांव के लोगों ने मुख्य समस्याओं में गांव के आसपास पीएचसी न होने, जूनियर हाईस्कूल के बाद शिक्षा को कॉलेज न होने, मोबाइल नेटवर्क न मिलने, आवागन को सड़कों के अलावा बताया कि जंगल की जमीन पर गांव बसा है। इससे आए दिन वन विभाग के लोग परेशान करते है।
ग्रामीणों ने समस्याओं के समाधान की मांग की। डीएम ने समस्याओं को खुद अपने पास नोट किया और उच्च अफसरों से समस्याओं को लेकर वार्ता के बाद समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। चौपाल में तहसीलदार धु्रवनरायण यादव, एडीओ पंचायत अजय देवी, वन विभाग से रुद्रप्रकाश सिंह, रेंजर शिव बाबू सरोज आदि थे।