Pilibhit News: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 को, डीएम ने की समीक्षा
अधिकारियों को दिए कई निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई।
गांधी सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि 15 से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जाएगा। 21 जून को प्रात: 6 से 7 बजे तक गांधी स्टेडियम में योग दिवस में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के प्रथम दिन जनपद मुख्यालय, तहसीलों, ब्लाॅकों एवं ग्राम पंचायतों में कार्यक्रमों का आयोजन होगा। योग दिवस के अवसर पर समस्त विभागों के अधिकारी/कर्मचारी सम्मिलित होंगे।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत राज अधिकारी ग्रामों में प्रधानों के माध्यम से जिला पूर्ति अधिकारी, कोटेदारों का सहयोग लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ें। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्कूली बच्चों को भी जोड़ते हुए योग करने के लिए प्रेरित करें। योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सभी विद्यालय में योग कराया जाए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, उप जिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

