Pilibhit News: साढ़े तीन लाख की दवा सीज
– जमुनिया गांव में सहायक आयुक्त औषधि के नेतृत्व में चली कार्रवाई
– छह दवाओं के नमूने लिए, मेडिकल स्टोर मालिकों में मची खलबली
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। माधोटांडा क्षेत्र के गांव जमुनिया में बुधवार को औषधि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। बिना लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोर पर दवाइयों की खरीद-फरोख्त का भी कोई भी कागजात नहीं मिलने पर करीब साढ़े तीन लाख की कीमत की दवाइयां कब्जे में ले लीं। छह दवाइयों के नमूनों को जांच के लिए लिया। टीम ने माधोटांडा थाने में रिपोर्ट के लिए तहरीर दी है।
सहायक आयुक्त औषधि संजय यादव के नेतृत्व में ड्रग इंस्पेक्टर नेहा वैश्य और बरेली के ड्रग इंस्पेक्टर विवेक कुमार की मौजूदगी में टीम ने जमुनिया गांव स्थित श्रीपद विश्वास मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की। पुलिस की मौजूदगी में चली कार्रवाई के दौरान टीम को मेडिकल स्टोर के साथ क्लीनिक का भी संचालन होता मिला।
जांच करने पर संचालक लाइसेंस नहीं दिखा सके। इसके अलावा स्टोर में मौजूद दवाइयों की भी क्रय-विक्रय दस्तावेज नहीं मिले। टीम को कुछ दवाइयां ऐसी मिलीं जो चिकित्सक के परामर्श के बिना नहीं बेची जा सकतीं। इसके बाद टीम मेडिकल स्टोरों से करीब साढ़े तीन लाख की कीमत की दवाइयों को कब्जे में लेकर थाने लाई। इसके बाद थाने में सीजर तैयार किया गया।
मेडिकल संचालक को भी थाने लाया गया। सहायक आयुक्त औषधि संजय यादव ने बताया कि बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा था। संचालक दवाइयों के क्रय-विक्रय के दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसके अलावा छह दवाइयों के नमूने लिए गए हैं। रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।