Pilibhit News: फॉल्ट सही करने के लिए दिन भर दौड़ते रहे बिजलीकर्मी

शहर में बिजली सही करता कर्मचारी।
पीलीभीत। रविवार को भी बिजली कटौती से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को दिक्कत होती रही। जानकारी मिलने पर विद्युत कर्मचारियों ने मौके पर जाकर फॉल्ट सही कर आपूर्ति बहाल की।
शहर की जर्जर लाइनें और पुराने ट्रांसफार्मरों की वजह से दिन भर बिजली कटौती होती रहती है। कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर अधिकारियों को अवगत कराया जाता रहा कि जर्जर लाइनाें और पुराने ट्रांसफार्मरों के न बदलने से गर्मी में शहर की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा जाएगी। शहर में हल्की सी बारिश होने पर तार टूट जाते है। ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ जाता है। इससे कई घंटों यहां बिजली व्यवस्था प्रभावित होती है।
रविवार को भी शहर के राजीव कॉलोनी में फेस न आ पाने के कारण वहां की बिजली कई घंटे प्रभावित रही। इसके अलावा अशोक कॉलोनी, एकता नगर, अवध नगर, कांशीराम, निरंजनकुंज, यशवंतरी देवी मंदिर रोड, अग्रवाल सभा, पंजाबियान, दूधिया मंदिर रोड, मोहम्मद बासिल, साहूकारा समेत शहर के कई स्थानों पर फॉल्ट के कारण लोग परेशान होते रहे। जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने वहां पहुंचकर आपूर्ति को सही किया।



