Pilibhit News: पात्र ग्रामीणों को मिलेगा शौचालय का लाभ
पीलीभीत। गांवों में खुले में शौच से मुक्ति दिलाने के लिए शासन की ओर से व्यक्तिगत शौचालय दिए जा रहे हैं। बावजूद इसके यह लाभ हर ग्रामीण को नहीं मिल पा रहा है। शत प्रतिशत पात्रों को लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाकर चार नवंबर तक पात्र लोग चिह्नित किए जाएंगे। फिर गांवों में कैंप लगाकर आवेदन कराया जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के तहत व्यक्तिगत शौचालय को लेकर विशेष अभियान चलाए जाने के शासन के निर्देश मिले थे। इसमें कहा गया था कि खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) की स्थिति को बनाए रखने के लिए शौचालयों का निर्माण कराया गया है। समय-समय पर बढ़े परिवारों की सूचना के अनुसार शौचालय नहीं बन पा रहे हैं। इसमें काफी अंतर बताया जाता है। इस अंतर को खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। शासन से मिले निर्देशों पर जिले में अभियान की शुरुआत की गई है। ताकि जिले में शौचालय एवं सामुदायिक शौचालय के बीच के अंतर को पूरा किया जा सके।
अभियान के तहत बृहस्पतिवार से चार नवंबर तक छूटे हुए लाभार्थियों को चिह्नित करने एवं शौचालय के लिए सूची को तैयार किया जाएगा। इसके बाद 6 नवंबर से 9 नवंबर तक गांव में कैंप लगाकर आवेदन लिए जाएंगे। 10 नवंबर से 13 नवंबर तक आवेदनों का सत्यापन तथा खंड विकास अधिकारी अथवा सहायक विकास अधिकारी पंचायत द्वारा विकास खंडवार सूची तैयार की जाएगी।
इसके बाद 14 नवंबर से 27 नवंबर तक लाभार्थियों के लिए शौचालय निर्माण को लेकर प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाएगी। 19 नवंबर 2023 से विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति आदेश पत्रों का वितरण किया जाएगा। 19 नवंबर को लाभार्थियों के शौचालय निर्माण के लिए प्रोत्साहन राशि उनके खातों में भेजी जाएगी।
इसी तरह से दूसरा चरण 31 दिसंबर से एक जनवरी तक चलाया जाएगा। इसमें ग्राम पंचायत द्वारा ओडीएफ प्रमाण पत्र दिया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों के तहत जिला अधिकारी द्वारा अभियान को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं। इसकी जानकारी समस्त खंड विकास अधिकारियों को दी गई है। अभियान की शुरुआत कर दी गई है।