Pilibhit News: दियोरिया में रावण वध के साथ मेले का समापन

दियोरिया में धू धू कर जलता रावण का पुतला । संवाद
पुतला दहन हुआ, राजगद्दी शोभायात्रा भी निकली
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बीसलपुर। कस्बा दियोरिया में पिछले 17 दिनों से चल रहा वार्षिक रामलीला मेला शुक्रवार शाम को रावण वध के साथ समाप्त हो गया। इस मौके पर रावण का पुतला भी फूंका गया।
कस्बा दियोरिया में 16 अक्तूबर से वार्षिक रामलीला मेला चल रहा था। शुक्रवार को अंतिम दिन मेले में श्रीराम-रावण युद्ध हुआ। काफी देर तक हुए युद्ध में राम ने रावण को कई बार मारा लेकिन वह हर बार जीवित हो जाता था। इससे रामा दल के लोग परेशान होने लगे। बाद में विभीषण ने राम को बताया कि रावण की नाभि में अमृत है। जब तक उसकी नाभि के अमृत को नहीं सुखाया जाएगा तब तक रावण नहीं मरेगा।
इसके बाद श्रीराम ने एक बाण चलाकर रावण की नाभि का अमृत सुखा दिया। इसके बाद श्रीराम ने रावण का वध कर दिया । रावण के वध के बाद मेला परिसर में रखा रावण का विशालकाय पुतला फूंका गया।
पुतला दहन के बाद कस्बे में राजगद्दी शोभायात्रा भी निकाली गई । शोभायात्रा में चल रहे ट्रैक्टर-ट्राॅलियों पर भगवान राम, लक्ष्मण जी, सीता जी, भरत जी, शत्रुघ्न जी, हनुमान जी, सुग्रीव जी आदि के स्वरूप सजाए गए थे। शोभायात्रा के साथ रामा दल का एक कार्यकर्ता सबसे आगे विजय पताका लेकर चल रहा था। एक कार्यकर्ता प्रसाद बांटते हुए चल रहा था। पूरे कस्बे में घूमने के बाद शोभायात्रा देर रात मेला मैदान में आकर समाप्त हो गई।