Pilibhit News: दूसरों के आधार कार्ड पर फोटो बदलकर बनाते थे फर्जी कार्ड
पूरनपुर। धोखाधड़ी कर फर्जी आधार कार्ड बनाने के मामले में हिरासत में लिए गए युवक को पुलिस ने जेल भेज दिया है। आरोपी के पास से प्रिंटर, लैपटॉप, फिंगर प्रिंट मशीन, कैमरा, मोबाइल फोन और 2040 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों की मदद से दूसरों के आधार कार्ड पर फोटो बदलकर फर्जी आधार कार्ड बनाता था।
सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने बृहस्पतिवार को गांव केसरपुर में छाप मारकर धोखाधड़ी कर फर्जी आधार कार्ड बनाने के मामले में एक युवक को पकड़ा था। पुलिस ने आरोपी के पास से प्रिंटर, लैपटॉप, फिंगर प्रिंट मशीन, कैमरा, मोबाइल फोन और 2040 रुपये बरामद किए थे। पकड़ा गया आरोपी थाना जहानाबाद के गांव डांग का शाहरुख है।
पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह शासन से आधार कार्ड बनाने की जिम्मेदारी मिलने की जानकारी देकर गांव निवासी जारिफ के घर पर एक कक्ष में बैठकर आधार कार्ड बनाता था। दूसरे लोगों के आधार कार्ड पर फोटो लगाकर नया आधार कार्ड जारी कर देता था। उसके पास से कुछ बने आधार कार्ड, आधार कार्ड बनाने के फार्म और प्रिंटर, लैपटॉप आदि बरामद हुए।