पीलीभीत

Pilibhit News: किसान दो गुटों में बंटे, केशोपुर में चीनी मिल ने शुरू की गन्ना खरीद

Connect News 24

Farmers divided into two groups, sugar mill in Keshopur started purchasing sugarcane

गांव केशोपुर में बेमियादी धरना पर बैठे किसान । स्रोत- प्रदर्शनकारी

पूरनपुर। गांव केशोपुर में दूसरी चीनी मिल को गन्ना खरीद केंद्र आवंटित होने के विरोध में चल रहे आंदोलन में शामिल किसान गुटों में बंट गए । भाकियू (अराजनीतिक) के कुछ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने जीएम के भुगतान को शीघ्र कराने के आश्वासन को लिखकर देने पर धरना समाप्त करने की घोषणा की। मगर इसी संगठन के कुछ पदाधिकारी कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को भी बेमियादी धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। भाकियू (टिकैत) गुट के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने समस्या का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

गांव केशोपुर में पेराई सत्र के शुरुआत तक एलएच चीनी मिल गन्ना खरीद कर रही थी। सुरक्षण प्रस्ताव में गांव का खरीद केंद्र मकसूदापुर चीनी मिल को आवंटित कर दिया गया। इसके विरोध में किसानों ने पांच दिन पहले बेमियादी धरना प्रदर्शन शुरू किया। बृहस्पतिवार को गन्ना खरीद केंद्र पहुंचे मकसूदापुर चीनी मिल के जीएम ने खरीदे गए गन्ना मूल्य का शीघ्र भुगतान कराने का आश्वासन दिया।

इस पर भाकियू (अराजनीतिक) गुट के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। मगर भाकियू (टिकैत) गुट और भाकियू (अराजनीतिक) गुट के कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को भी धरना देकर प्रदर्शन किया और समस्या का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

किसानों के दो गुटों में बंटने पर केशोपुर में मकसूदापुर चीनी मिल ने बृहस्पतिवार को गन्ना की खरीद शुरू कर दी। भाकियू (अराजनीतिक) के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने बताया कि जीएम के लिखित आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया है। इसी गुट के जिला उपाध्यक्ष रामगोपाल ने बताया कि समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

शुक्रवार को प्रदेश और मंडल स्तरीय पदाधिकारी धरनास्थल पहुंचेगे। भाकियू (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष सत्यपाल वर्मा ने बताया कि कुछ लोग चीनी मिल के अफसरों से मिलकर धरना प्रदर्शन से हट गए। समस्या का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button