Pilibhit News: निजी बस का ऑनलाइन टिकट निरस्त कराने पर 66666 हजार की ठगी
पूरनपुर। निजी बस के टिकट को ऑनलाइन निरस्त कराना शिक्षक रविकांत शुक्ला को महंगा पड़ गया। ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर उनके खाते से 66666 रुपये की नकदी उड़ा ली। शिक्षक ने पुलिस को तहरीर दी है।
घुंघचाई के परिषदीय स्कूल में तैनात शिक्षक रविकांत शुक्ला ने बताया कि काशीपुर से पूरनपुर आने के लिए उन्होंने खैरा बस सर्विस के एप पर टिकट बुक कराया था। यह बस 13 नवंबर को रात 12:50 बजे काशीपुर से रवाना होनी थी। बस से सफर करने पर पूरी रात खराब होने की बात सोचकर उन्होंने टिकट कैंसिल कराने के लिए संबंधित एप पर विवरण भरा। इस पर एक युवक ने उन्हें फोन कर टिकट कैंसिल हो जाने की जानकारी दी, लेकिन टिकट कैंंसिल नहीं हुआ।
उन्होंने जब युवक को काल की तो उसने सेटिंग में गड़बड़ी होने की बात कहकर सेटिंग सही करने को कहा। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। ठगी का शिकार होने का एहसास होने पर उन्होंने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया, लेकिन सोमवार सुबह साढ़े चार बजे मोबाइल का अलार्म बजा और मोबाइल अपने आप खुल गया। तब उन्हें खाते से 66666 रुपये कटने की जानकारी हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।