Pilibhit News: निजी जमीन पर बना दिया कूड़ा निस्तारण प्लांट


गांव में एक किसान के घर बना कूड़ा निस्तारण प्लाट । स्रोत – ग्रामीण
बांधे जा रहे पशु, फोटो वायरल, जिला पंचायत राज अधिकारी ने मांगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गंदगी से निजात दिलाने के लिए कूड़ा निस्तारण प्लांट बनवाया। दो लाख रुपये खर्च दिखाया लेकिन न तो बोर्ड लगवाया और न ही कूड़ा डलवाया। अब वहां कूड़ा पड़ने की जगह पशुओं को बांधकर चारा खिलाया जा रहा है। इस संबंध में फोटो वायरल होने पर डीपीआरओ ने एडीओ से रिपोर्ट तलब की है।
मामला पूरनपुर ब्लॉक के सिमरिया तालुके महराजपुर गांव का है। यहां ग्रामीण सड़क किनारे कूड़ा डाल रहे हैं। कूड़ा निस्तारण प्लांट के टैंक में पशुओं का चारा डाला जा रहा है। यहां खाद बनाने के लिए वर्मी कंपोस्ट प्लांट भी बनाया गया है। दोनों में टैंक के आकार की हौदिया बनाई गई है। इसे पशुओं को चारा खिलाने वाली चन्नी की तरह बनाया गया है। इसके ऊपर टिनशेड भी डाला गया है। इसका फोटो वायरल होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने पूरनपुर के सहायक विकास अधिकारी पंचायत को गांव जाकर जांच करने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम समाज की जमीन की जगह किसी दूसरी जगह कूड़ा निस्तारण प्लांट बनने का मामला सामने आया है। मामले की जांच कराई जा रही है।- सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी