Pilibhit News: कायम रहा छात्राओं का दबदबा
सीबीएसई परीक्षा परिणाम : अधिक अनुत्तीर्ण हुए छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शुक्रवार को सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के आए परिणाम ने यह साबित कर दिया कि जिले में छात्राओं का पढ़ाई में दबदबा कायम है। छात्राओं की अपेक्षा इस बार छात्र ज्यादा फेल हुए।
10 वीं कक्षा में जिले से 1987 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें 1242 छात्र व 745 छात्राएं थीं। शुक्रवार को घोषित किए गए परिणाम में 1145 छात्र उत्तीर्ण रहे तो 97 फेल हो गए। छात्राओं की बात करें तो 745 में से महज 35 छात्राएं ही फेल हुईं जबकि 710 छात्राएं पास हुईं।
इसी प्रकार 12वीं की परीक्षा में कुल 1641 परीक्षार्थी थे। इसमें में 633 छात्राएं व 1008 छात्र थे। इसमें 633 छात्राओं में से 102 छात्राएं फेल हुईं, 531 ने अच्छे अंक हासिल किए। वहीं छात्रों की बात करें तो 1008 छात्रों में से 794 छात्र ही पास हो सके। 214 छात्र फेल हो गए।
.टॉप टेन सूची में भी संख्या कम
जिले के टॉप टेन छात्र-छात्राओं की सूची पर गौर करें तो यहां भी अधिकतर छात्राओं का ही दबदबा कायम रहा। 10वीं की सूची में कुल 13 नाम शामिल हैं, जिसमें सात छात्राएं रहीं जबकि छात्रा की संख्या छह रही। इसी तरह 12वीं की सूची में 18 नाम हैं, इसमें भी 10 छात्राएं शामिल हैं।