Pilibhit News: छात्राएं किसी अपरिचित को न दें अपना मोबाइल फोन नंबर

बीसलपुर के कैम स्कॉलर स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में बोलते इंस्पेक्टर क्राइम अरुण कुमार
बीसलपुर। कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम अरुण कुमार ने कहा कि छात्राएं किसी अपरिचित को अपना मोबाइल फोन नंबर न दें। अपरिचित को नंबर देने से समस्या पैदा हो सकती है। छात्राएं इंटरनेट और सोशल साइटों का भी सावधानी से प्रयोग करें। कोई भी व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें।
अरुण कुमार बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे कैम स्कॉलर्स स्कूल में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में विद्यार्थियों खासतौर से छात्राओं को सुरक्षा के उपाय बता रहे थे। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन का इस्तेमाल हमेशा बेहद सतर्कता के साथ करना चाहिए। अपना ओटीपी और बैंक खाता नंबर किसी को न दें। छात्राएं किसी अपरिचित से घनिष्ठता न बढ़ाएं। किसी अपरिचित के वाहन पर न बैठें और न उसे अपने वाहन पर बिठाएं। अभद्र टिप्पणी करने वाले लफंगों को मुंहतोड़ जवाब देें। पुलिस को इसकी सूचना दें।
पुलिस सूचना देने वाले का नाम और पता पूरी तरह से गोपनीय रखेगी। अपरिचित का फोन और वीडियो कॉल रिसीव न करें। अपने घर वालों से पूछे बगैर किसी के बैंक खाते में कोई पैसा ट्रांसफर न करें। महिला कांस्टेबल अलका राना ने हेल्प लाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के निदेशक राजेश अग्रवाल और संचालन छात्रा निष्ठा सिंह व सलोनी ने किया। प्रधानाचार्य अर्पित अग्रवाल ने आगंतुकों का आभार जताया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने इंस्पेक्टर से पुलिस की कार्यप्रणाली से संबंधित सवाल भी पूछे।
विद्यार्थियों के सवाल
० पुलिस में भर्ती होने के लिए क्या करना होगा।
० पुलिस में रिपोर्ट कैसे दर्ज कराई जाती है।
० राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने वालों के लिए क्या कानून है।
० दुर्घटना की सूचना किस अधिकारी को दी जाए।
० पुलिस में सूचना देने वाले पर तो कार्रवाई नहीं होती है।
० पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में अनावश्यक बिलंब क्यों करती है।
० कोई लड़की अगर किसी लड़के को परेशान करे तो उसके विरुद्ध क्या कार्रवाई हो सकती है।

बीसलपुर के कैम स्कॉलर स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में बोलते इंस्पेक्टर क्राइम अरुण कुमार