Pilibhit News: बुखार पीड़ित युवती की इलाज के दौरान मौत

बीसलपुर के गांव चंदपुरा में शिविर में मरीजो ने कराई जांच । स्रोत- स्वास्थ विभाग
पूरनपुर। बुखार से इलाज के दौरान गांव रंपुरा कपूरपुर निवासी रामबहादुर की पत्नी पार्वती (32) की बुधवार को मौत हो गई। युवती की मौत पर उसके परिजन में कोहराम मच गया।
गांव रंपुरा कपूरनपुर निवासी रामबहादुर ने बताया कि सप्ताह भर से उसकी पत्नी को बुखार आ रहा था। शुरू में गांव के एक चिकित्सक से इलाज कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर पूरनपुर नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां भी पत्नी की हालत में सुधार नहीं हुआ। मंगलवार को इलाज के लिए पत्नी को जिला मुख्यालय के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सक ने जांच के दौरान प्लेटलेट्स कम होने की जानकारी दी। इलाज के दौरान बुधवार को पत्नी पार्वती की मौत हो गई। युवती के मौत पर सके परिजन में कोहराम मच गया। बुधवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, बुखार का प्रकोप क्षेत्र में थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांव भगवंतापुर समेत कई गांव और नगर में कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। सीएचसी के अलावा प्राइवेट अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भीड़ लग रही है।
चंदपुरा में चार मरीज डेंगू से पीड़ित मिले, 61 की हुई जांच
बीसलपुर। गांव चंदपुरा में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग में 61 लोगों की जांचें हुईं। इसमें चार मरीज डेंगू से पीड़ित मिले।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बताया गया था कि चंदपुरा गांव में काफी लोग बुखार से पीडि़त हैं। इसके बाद बुधवार को गांव में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, इसमें 61 बुखार पीडि़तों की जांचें हुईं। शिविर प्रभारी डॉ. ललिता रस्तोगी ने बताया कि जांच में गांव के ही मुन्ना, अमित, राकेश और मुन्नी देवी डेंगू से पीड़ित मिलीं। बाकी मरीज साधारण बुखार से पीड़ित मिले। टीम में डॉ. ललिता रस्तोगी के अलावा लैब टेक्नीशियन हसनैन अली, नेत्र परीक्षण अधिकारी देवेंद्र कुमार, प्रगति पांडेय और जयवीर सिंह शामिल रहे। संवाद



