Pilibhit News: ऋण के 25 लाख हड़पे, धान की भी कर ली चोरी
– एरिया मैनेजर ने एसपी से मिलकर की शिकायत
– राइस मिल मालिक समेत पांच पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। धान पर ऋण लेकर कंपनी से 25 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद राइस मिल मालिक से मिलकर तीन सौ मीट्रिक टन धान को राइस मिल से चोरी कर लिया। जांच करने पहुंची टीम से अभद्रता भी की गई। एसपी के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के ग्राम रामनगर निवासी मोहित चतुर्वेदी ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह आयुर्धन फाइनेंस लिमिटेड के एरिया मैनेजर हैं। कंपनी ग्राहकों को ऋण देती है। एरिया मैनेजर ने बताया कि नवंबर 2022 में माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव करलिया कुरैया निवासी भवानी प्रसाद ने कंपनी से संपर्क किया। धान पर ऋण लेने की बात कही।
कंपनी ने जांच के बाद धान को अपने कब्जे में लेकर 25 लाख का ऋण मंजूर कर धनराशि ट्रांसफर कर दी। उक्त धान को माधोटांडा क्षेत्र के गांव आसपुर में रविंद्र यादव उर्फ पप्पू की राइस मिल पर स्टाॅक किया गया। कंपनी की ओर से देखरेख के लिए सुपरवाइजर और गार्ड की तैनाती की गई।
आरोप है कि तीन माह तक सब कुछ ठीक रहा। मार्च 2023 में उक्त राइस मिल मालिक ने सुपरवाइजर से बदतमीजी की। आरोप है कि मार्च माह में सैंपल के लिए गोदाम का ताला खोलने पर उक्त राइस मिल मालिक ने जबरन अपना ताला डाल दिया। इसके कुछ दिन बाद रात में तीन सौ मीट्रिक टन धान को चोरी कर लिया गया।
जानकारी होने के बाद एरिया मैनेजर मौके पर पहुंचे। जिस पर राइस मिल मालिक ने अभद्रता की। कंपनी की जांच में ऋण की धनराशि को भवानी सिंह द्वारा कलीनगर निवासी राइस मिल मालिक राजेंद्र यादव, रविंद्र यादव, सियाराम और राम कीरत के खाते में ट्रांसफर करने की बात सामने आई।
थाना प्रभारी वीरेश कुमार ने बताया कि एसपी के आदेश पर तहरीर के आधार पर गांव करलिया कुरैया निवासी भवानी प्रसाद के अलावा कलीनगर निवासी राजेंद्र यादव, रविंद्र यादव, सियाराम, राम तीरथ के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।