पीलीभीत

Pilibhit News: हजरत शाह जी मियां के उर्स का आगाज

Connect News 24

Beginning of Urs of Hazrat Shah Ji Miyan

शाहजी मियां के मेले में मौजूद पुलिस। संवाद

सज्जादानशीन हजरत मुन्ने मियां शेरी ने की एसडीएम और सीओ सदर की दस्तारबंदी

पीलीभीत। कुतबे पीलीभीत हजरत शाहजी मोहम्मद शेर मियां रहमतुल्ला अलह का पांच रोजा 120वां सालाना उर्स शरीफ मंगलवार को शुरू हो गया। इस मौके पर उनकी जिन्दगी के विभिन्न पहलूओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

शाहजी मियां के उर्स का आगाज होने के साथ ही जायरीन के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया। मंगलवार सुबह नौ बजे एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह और सीओ सदर प्रतीक दहिया दरगाह पर पहुंचे, सज्जादानशीन हजरत अल्हाज मुन्ने मियां शेरी ने उनकी दस्तारबंदी कर उर्स का आगाज किया, साथ ही देश में अमन और चैन की दुआ की। बता दें कि दशकों से चली आ रही परंपरा के अनुसार डीएम और एसपी इस मौके पर यहां पहुंचते थे और उनकी दस्तारबंदी कर उर्स का आगाज होता था। इस बार दोनों ही नहीं पहुंचे।

सज्जादानशीन ने बताया कि शाहजी बाबा पैदाइशी वली थे। उनकी बेशुमार करामातों को लोगों ने देखा। आज भी शाहजी बाबा के चाहने वालों पर उनका फैजान जारी है। उन्होंने उर्स के बारे में भी विस्तार से बताया। चादरपोशी और कुल शरीफ में शामिल होने वाले जायरीन के लिए दरगाह की ओर से किए जाने वाले इंतजामात के बारे में भी बताया। इस मौके पर मंसूर अहमद शम्सी, बिलाल मियां, इकबाल हजरत खान और सैयद हैदर जाफरी समेत काफी लोग मौजूद रहे।

उर्स में हजारों की संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। दरगाह के आसपास क्षेत्रों में दुकानें भी लगतीं हैं। व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

000

सड़क पर लगी दुकानों को हटवाया, हंगामा

पीलीभीत। उर्स के दौरान सड़क पर लगी दुुकानों को हटवाने पर पुलिस कर्मियों और दुकानदारों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। मामला बढ़ता देख काफी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंची। जैसे-तैसे दुकानदारों को समझाकर विवाद शांत कराया गया।

शाहजी मियां की मजार पर हर साल की तरह इस बार भी कई जगहों से दुकानदार आए हैं। पिछले वर्षों की तरह की इस वर्ष भी उन्होंने सड़क के किनारे दुकानों को लगाया है। हालांकि पूर्व में कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक में सड़क पर दुकानों को न लगाए जाने की हिदायत दी गई थी। मगर कुछ दुकानदारों ने सड़क के किनारे दुकानों को लगा लिया।

सोमवार रात कोतवाली पुलिस कर्मियों ने सड़क किनारे लगी दुकानों को हटवाने का प्रयास किया। जिसके बाद माहौल गरमा गया और पुलिस कर्मियों से नोकझोंक होने लगी। जानकारी मिलते ही कमल्ले चौकी प्रभारी विकास कुमार भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद मामला बढ़ता देख मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी, थाना सुनगढ़ी प्रभारी निरीक्षक जगतपाल सिंह काफी संख्या में फोर्स के साथ पहुंच गए। बाद में जैसे तैसे मामले को शांत किया गया।

इधर दुकानदारों ने आरोप लगाया कि वहां पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उनसे बदतमीजी करते हुए दुकानें हटवाने का प्रयास किया। इस वजह से नोकझोंक हुई। कोतवाल नरेश त्यागी ने कहा कि सड़क पर दुकानों नहीं लगने दी जाएंगी। संवाद

शाहजी मियां के मेले में मौजूद पुलिस। संवाद

शाहजी मियां के मेले में मौजूद पुलिस। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button