Pilibhit News: धर्मांतरण की सूचना पर हिंदू संगठनों ने किया हंगामा

शहर के मोहल्ला शिवाजी कॉलोनी में घर के बाहर लगी हुई भीड़। संवाद
पीलीभीत। शहर के मोहल्ला शिवाजी कॉलोनी में किराये पर रह रहे युवकों पर धर्मांतरण कराने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए हिंदू जागरण मंच व हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। घर के अंदर कई महिलाएं और युवक मिले। हंगामा होने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
थाना गजरौला क्षेत्र के गांव इटौरिया निवासी गिरभर का मकान शहर की शिवाजी कॉलोनी में है। उन्होंने अपना मकान दो साल से गोरखपुर क्षेत्र के राकेश गॉडसन को किराये पर दे रखा था। राकेश अपने बेटे डेविड के साथ पिछले काफी लंबे समय से यहां पर रह रहा था। मोहल्ले वालों के मुताबिक रविवार को यहां काफी लोगों को आना जाना लगा रहता था। इस बारे में मोहल्ले के लोगों ने मकान मालिक से शिकायत भी की थी, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया।
रविवार को फिर यहां काफी लोग जमा हुए। मोहल्ले के किसी युवक ने मामले की सूचना हिंदू जागरण मंच व हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों को दे दी। इसके बाद हिंदू जागरण मंच के जिला उपाध्यक्ष यशवंत सिंह, अमित चतुर्वेदी, केशव वैश्य, पुनीत जायसवाल, शुभम सक्सेना आदि वहां पहुंचे। देखा घर के अंदर दो युवक किताब हाथ में लिए बैठे थे, लोगों से प्रार्थना करा रहे थे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पूछताछ शुरू की। इस पर दोनों युवक घबरा गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मामले की सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के सामने कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को पीटा
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने पहले तो किसी तरह की कोई भी अभद्रता नहीं की। जैसे ही सुनगढ़ी थाना प्रभारी वहां पर पहुंचे। तभी एक कार्यकर्ता ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस असहाय खड़ी रही। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर भी असहज दिखाई दिए। कहने लगे कि आप लोग ही कार्रवाई कर लो मैं यहां से जा रहा हूं। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बात को संभाला तब पुलिस रुकी।
महिलाओं की संख्या थी ज्यादा
जिस घर के अंदर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया जा रहा है। वहां पर एक पुरुष को छोड़कर सब महिलाएं थीं। इनमें शहर की कुछ महिलाएं थीं, जबकि कई महिलाएं अन्य जिलों की भी थीं।
पुलिस नहीं मान रही धर्मांतरण का मामला
जहां एक ओर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता और मोहल्ले के लोग लगातार धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं सुनगढ़ी पुलिस लगातार उसे नकारने मेें लगी हुई थी। वह लगातार जांच की बात कह रही थी, जबकि मौके से पुलिस ने काफी सामान को भी अपने कब्जे में लिया है।
शिवाजी कॉलोनी में एक घर में धर्मांतरण की कोशिश की जा रही थी। मौके पर कुछ लोगों को पकड़ा भी गया। इस तरह का कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। – सूरज वर्मा, महामंत्री हिंदू युवा वाहिनी
मामले की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। हालांकि धर्मांतरण संबंधी किसी तरह के कोई भी साक्ष्य नहीं मिले हैं। किसी भी तरह के साक्ष्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। – जगत पाल सिंह, थाना प्रभारी सुनगढ़ी