Pilibhit News: आश्वासन के बाद भी नहीं मिला मानदेय, कर्मचारियों में उबाल

विद्युत उप केंद्र मझोला में जेई को ज्ञापन देते संविदा कर्मी। संवाद
नारेबाजी करते हुए फिर से मानदेय को लेकर दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मझोला। मानदेय की मांग को लेकर संविदा कर्मचारियों ने वेतन नहीं तो काम नहीं का नारा बुलंद करते हुए जेई को ज्ञापन दिया। कर्मियों ने कहा कि आश्वासन के बाद भी अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ज्ञापन में संविदा कर्मचारियों ने कहा कि अभी तक उन्हें पिछले महीने का वेतन नहीं दिया गया है। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। बच्चों के स्कूल से नाम काटे जा रहे हैं।
बताया गया कि विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारियों ने कल एसडीओ अमरिया का घेराव किया था लेकिन कोई आश्वासन नहीं दिया गया। कुछ माह पहले भी उप केंद्र मझोला, उड़रा, भदसरा के संविदा कर्मचारियों ने विरोध जताकर प्रदर्शन किया था और ज्ञापन भी सौंपा था। एसडीओ अमरिया एवं जेई दीपेश प्रताप सिंह ने आश्वासन भी दिया था लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद आश्वासन झूठा साबित होता नजर आ रहा है। अब तक संविदा कर्मचारियों को मानदेय को लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा लगातार नजरंदाज किया जा रहा है।
ज्ञापन देने वाले संविदा कर्मचारियों में राजेंद्रकुमार, सुनील कुमार, देवकीनंदन, अनिल कुमार, मुकेश कुमार, सूरज कुमार, गोकिल आदि कर्मचारी मौजूद रहे।