Pilibhit News: निर्माणकार्य के दौरान दुर्घटना हुई तो कार्यदायी संस्था होगी जिम्मेदार
पीलीभीत। असम चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के दौरान नाले की दशा को लेकर कार्यदायी संस्था और नगर पंचायत में रार बढ़ गई है। नगर पंचायत नौगवा पकड़िया की ओर से अब एनओसी न लेने और प्रदूषण बोर्ड के अनापत्ति प्रमाणपत्र बगैर निर्माण कराने की बात कहते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर को नोटिस जारी किया है।
नगर पंचायत पकड़िया नौगवा के अधिशासी अधिकारी संतोष चतुर्वेदी की ओर से मैसर्स गिरिराज जी स्टोन पीवीटी लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर को भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू कराने से पहले भौगोलिक स्थिति का आकलन कर जल निकासी का समुचित प्रबंधन नहीं किया गया। सुगम यातायात के लिए सर्विस लेन बनाने के लिए नगर पंचायत और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं लिया गया।
कंपनी ने नगर पंचायत में पूर्व से बने नालों को मिट्टी से पाटकर नगर पंचायत और नगर पालिका की आबादी के दूषित पानी के बहाव के मार्ग को बंद कर दिया है। इससे नगर पंचायत क्षेत्र, नगरपालिका के बाशिंदों को जलभराव से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में संचारी रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है। भविष्य में मकानों के ध्वस्त होने की भी आशंका है। ऐसा हुआ तो कंपनी से हर्जाना वसूला जाएगा।
प्रभावित हो रही है कावड़यात्रा
नोटिस में सावन मास को ध्यान में रखते हुए भी समस्या का उल्लेख किया गया है। कहा गया है कि सड़क मार्ग पर स्टोरेज की गई सामग्री अन्य स्थान पर रखवाई जाए। जिससे कांवडियों के आवागमन में कोई असुविधा न हो। आवागमन के दौरान स्टोरेज की गई सामग्री से कोई घटना होती है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी कंपनी की होगी। नोटिस में इन सब समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इसका प्रबंधन कर रिपोर्ट देने की बात कही गई है।



