Pilibhit News: रात में अवैध रूप से हो रहा खनन पकड़ा

गांव टंडोला में रात को छापेमारी में पकड़ी गई मडलोडर मशीन। संवाद
-मडलोडर, तीन ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को कब्जे में लेकर पुलिस को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। तहसीलदार ध्रुवनरायन यादव ने टीम के साथ बुधवार रात साढ़े 12 बजे घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव टंडोला के समीप छापा मारकर मिट्टी का अवैध खनन होते पकड़ लिया। टीम की भनक पर खनन माफिया के लोग ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भागने लगे। टीम ने मडलोडर और मिट्टी से भरी तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों को पकड़कर घुंघचाई पुलिस के सुपुर्द कर दिया। खनन की रिपोर्ट खनन अधिकारी को भेजी गई है।
क्षेत्र में मिट्टी- रेत का अवैध खनन रुक नहीं रहा है। अक्सर मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को पकड़कर कार्रवाई की जा रही है। घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव टंडोला के समीप रात में मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर तहसीलदार धु्रवनरायन यादव, नायब तहसीलदार ऋषि कुमार दीक्षित, राजस्व निरीक्षक केके शुक्ला राजस्व कर्मियों और पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। टीम देखकर खनन माफिया में खलबली मच गई।
खनन माफिया के गुर्गे खाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर भाग गए। तहसीलदार ध्रुवनरायन यादव ने बताया कि हरप्रीत कौर केे नाम से दर्ज जमीन पर मडलोडर से रात के अंधेरे में खनन किया जा रहा है। मडलोडर और मिट्टी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। खनन की रिपोर्ट खनन अधिकारी को भेजी गई है।
00
जहानाबाद में भी ट्रैक्टर ट्राॅली सीज
जहानाबाद। जहानाबाद पुलिस ने अवैध खनन करते ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया। थाना जहानाबाद पुलिस को सूचना मिली कि गांव सुंदरपुर में अवैध रूप से खनन हो रहा है। जिसके बाद पुलिस ने छापा मारा। जहां एक ट्रैक्टर ट्रॉली से खनन किया जा रहा था। पुलिस ने खनन के जब अभिलेख मांगे तो चालक उसे नहीं दिखा सका। पुलिस ने वाहन सीज कर ललौरीखेड़ा चौकी पर भेज दिया। संवाद
00
मझोला में सख्ती के बाद भी बुलंद है खनन माफिया के हौसले
पीलीभीत/ मझोला। अवैध खनन को लेकर डीएम की ओर से सख्ती की जा रही है। इसके बाद भी क्षेत्र में खनन में लगे लोगों के हौसले बुलंद हैं। रात में खनन को अंजाम दिया जा रहा है।
पिछले एक हफ्ते से मझोला-भिखारीपुर मार्ग से सटे एक फार्म पर उत्तराखंड के खनन माफिया खनन को अंजाम दे रहे हैं। इस संबंध में मझोला के रहने वाले भाजपा नेता राहुल पटेल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को फोन पर शिकायत भी की, जिस पर उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। खनन अधिकारी अनुराग वर्मा का कहना है कि उत्तराखंड सीमा पर खनन की सूचना पर जांच की गई थी। फिलहाल ऐसी कोई बात सामने नहीं आई। संवाद