Pilibhit News: देसी गाय का दूध बढ़ाओ, सरकार करेगी सम्मानित
पीलीभीत। दुग्ध उत्पादन विभाग की ओर से दुग्ध उत्पादन और देसी नस्ल की गायों के भरण पोषण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालन पुरस्कार योजना शुरू की है। योजना के तहत जिले से भी पशु पालकों से आवेदन मांगे गए हैं। पशु पालकों से 25 अक्तूबर तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद 27 पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
योजना के तहत जिले से 27 पशुपालकों का चयन होना है। योजना का लाभ लेने के लिए पशुपालक मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि 10 हजार से लेकर 15 हजार तक दी जाएगी। इसके लिए पशु पालकों से आवेदन लिया जा रहा है जो 25 अक्तूबर तक जमा होगा। इसके बाद आवेदनपत्रों की पड़ताल की जाएगी।
आवेदन में इन दस्तावेजों को करें शामिल
पुरस्कार के लिए आवेदन करने के लिए पशुपालकों को ऑनलाइन आवेदन नंद बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल पर करना होगा। इसके अलावा ऑफलाइन आवेदन मुख्य विकास अधिकारी अथवा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के कार्यालय में सीधे या फिर स्पीड पोस्ट से भेजे जा सकते हैं। आवेदन के साथ पशुपालक के आधार कार्ड, गाय की पहचान के लिए माइक्रोचिप, ट्रैकिंग सिस्टम अथवा पहचान की किसी मान्यता प्राप्त प्रणाली का प्रमाण पत्र या पहचान संख्या, गाय के क्रियाशील बीमा का विवरण, पशुपालक के बैंक पासबुक की फोटो कॉपी, कैंसिल चेक, गाय के साथ पशुपालक का फोटो, पशुपालक का इस आशय का नोटरी शपथ पत्र की गाय को उसके जीवन काल में एक बार भी प्रोत्साहन का लाभ नहीं प्राप्त हुआ।
..
आवेदन के बाद टीम करेगी सत्यापन
आवेदन प्राप्त होने के बाद जिले के उपदुग्धशाला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, नंद बाबा मिशन के जिला समन्यवक की ओर से आवेदन का स्थलीय सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद उपदुग्धशाला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला समन्वयक द्वारा स्थलीय सत्यापन समिति के माध्यम से पशुपालक की स्वदेशी नस्ल की गाय की दूध उत्पादकता का सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन में समिति द्वारा लगातार 2 दिन 4 दुहन सुबह और शाम के आधार पर गाय की दैनिक दुग्ध उत्पादकता का निर्धारण किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए आवेदन किया जा रहा है। जिले से 27 पशु पालकों का चयन किया जाना है। आवेदन के बाद सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद पत्रावली शासन को भेजी जाएगी।- डॉ. अरविंद कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी