Pilibhit News: कम प्रगति पर बीसलपुर व बिलसंडा एमओआईसी पर कार्रवाई के निर्देश

गोल्डन कार्ड की प्रगति को लेकर बैठक करते डीएम।
गोल्डन कार्ड को लेकर डीएम ने समीक्षा कर जानी हकीकत
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की अध्यक्षता में गोल्डन कार्ड की प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक हुई। गोल्डन कार्ड की प्रगति कम पाए जाने पर बीसलपुर और बिलसंडा एमओआईसी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं।
गांधी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नाराजगी व्यक्त करते हुए हिदायत दी गई की ब्लॉक स्तर पर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ कैंप लगाकर गोल्डन कार्ड की प्रगति बढ़ाई जाए। उन्होंने समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे गांवों को चिह्नित करें, जिनमें गोल्डन कार्ड कम बनाए गए हैं। उन ग्रामों में अभियान चलाकर टीम के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों के गोल्डन कार्ड बनाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पंचायत सहायकों के माध्यम से भी गोल्डन कार्ड बनवाए जाएं। बैठक में गोल्डन कार्ड की समीक्षा के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी बीसलपुर एवं बिलसंडा के कार्य में प्रगति कम पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि एडीओ पंचायत के माध्यम से गोल्डन कार्ड निर्गत करने में तेजी लाई जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि विकासखंड वार प्रतिदिन निर्गत किए जा रहे गोल्डन कार्ड की सूचना शाम तक प्राप्त करें। जो गोल्डन कार्ड रिजेक्ट हो रहे हैं उनका कारण का भी उल्लेख किया जाए। प्रभारी चिकित्साधिकारियों द्वारा कार्ड निर्गत करने में लापरवाही बरतने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।