Pilibhit News: क्षेत्र पंचायत की बैठक में छाया खोदी गई सड़क और छुट्टा पशुओं का मुद्दा
– बैठक से गैरहाजिर अधिकारियों को नोटिस जारी करने का प्रस्ताव पारित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलसंडा। क्षेत्र पंचायत की बैठक में प्रधानों ने गांव में पानी की लाइन के लिए खोदी गई सड़कों को लेकर जल निगम के अधिकारियों पर अपना गुस्सा उतारा। कहा कि बारिश होने वाली है अब तक सड़कों को ठीक नहीं किया गया। इसके अलावा बैठक में छुट्टा पशुओं को लेकर भी मुद्दे को उठाया गया।
बृहस्पतिवार की दोपहर को अटल सभागार में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया । इसमें मौजूद पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ जगदेव सिंह ने पशु विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद बीडीओ सुनील कुमार जायसवाल ने ब्लॉक द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में बताया।
सांसद प्रतिनिधि प्रकाश शर्मा ने बेसहारा पशुओं को आश्रय और नगर में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों का मुद्दा उठाया तो वहीं प्रधान संगठन के अध्यक्ष सचिन गंगवार ने बताया कि प्रधानों के डोंगल एक्टिवेट नहीं हो रहे हैं। प्रधानों के बैठने के लिए व्यवस्था की जाए । बैठक में जल निगम के जेई को प्रधानों का गुस्सा झेलना पड़ा।
प्रधानों ने कहा कि जल निगम द्वारा गांव की सड़कों को खोद दिया गया है, लेकिन उन सड़कों पर मरम्मत कार्य नहीं किया गया। आगे बरसात का मौसम आने वाला है। जिससे समस्या उत्पन्न हो जाएगी । प्रधान संगठन के अध्यक्ष सचिन ने साफ शब्दों में कहा की सड़कों का मरम्मत कार्य नहीं किया गया तो पानी की टंकी को संचालित नहीं करने देंगे।
ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने कहा कि जिस विभाग के अधिकारी मीटिंग में मौजूद नहीं है, उन सभी को नोटिस जारी किया जाए।
000
महिलाओ की जगह उनके प्रतिनिधियों ने संभाली कुर्सी
क्षेत्र पंचायत की बैठक में मौजूद ग्राम प्रधान और बीडीसी मेंबर की जगह पर उनके प्रतिनिधि कुर्सी पर बैठे दिखे। यही हाल बैठक में रहा, जहां पर महिला प्रधान और बीडीसी महिलाओं की जगह पर उनके प्रतिनिधि कुर्सी संभाले बैठे दिखे।