Pilibhit News: जांच में हनुमान राइस मिल और गायत्री इंडस्ट्रीज में कम मिला धान का स्टॉक

हनुमान राइस मिल पर जांच करते एसडीएम सदर देवेंद्र सिह । स्रोत – एसडीएम
एसडीएम सदर ने किया सत्यापन, ऑनलाइन में चढ़ा था ज्यादा, मौके पर कम मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। राइस मिलों पर खरीदे गए धान का स्टॉक चेक करने के आदेश पर एसडीएम सदर ने राइस मिलों पर जाकर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हनुमान राइस मिल और गायत्री इंडस्ट्रीज पर मौके पर धान कम पाया गया। ऑनलाइन में अधिक खरीद दिख रही थी। एसडीएम ने अलग-अलग खरीद का आंकड़ा दिखाने के निर्देश दिए। वहीं जांच के दौरान चावल का स्टॉक सही मिला।
डीएम ने जिले में राइस मिलों पर धान और चावल का स्टॉक चेक करने के लिए अधिकारियों को नामित किया है। बुधवार को एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह ने क्षेत्रीय विपणन अधिकारी के साथ हनुमान राइस मिल यूनिट दो का निरीक्षण किया।
यहां पर ऑनलाइन धान खरीद को देखा गया और इसके बाद वहां मौजूद स्टॉक को चेक किया गया। स्टॉक में धान कम पाया गया। चावल की मात्रा सही पाई गई। इसके बाद रूपपुर कृपा में गायत्री राइस मिल पर चेकिंग की गई।
यहां पर भी स्टॉक में धान कम मिला। जबकि ऑनलाइन में जो दर्शाया गया था उससे अधिक था। यहां पर चावल की मात्रा सही पाई गई। एसडीएम ने बताया धान में अंतर मिला है। इसको लेकर पूरे स्टॉक का रिकार्ड मांगा गया है। इसके बाद रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी। खास बात यह रही कि अधिकारी यह नहीं बता रहे हैं कि कितना स्टॉक कम है।
0000
राइस मिल पर छापा, धान का अधिक मिला स्टाक
पूरनपुर। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में डिप्टी आरएमओ विजय शुक्ला, मंडी समिति सचिव सर्वेश कुमार शुक्ला ने गर्ग राइस मिल में छापा मारकर धान और चावल के स्टाक की जांच की। जांच के बाद एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि जांच में धान का स्टाक ऑनलाइन 57104.40 क्विंटल अभिलेखों में चढ़ा मिला। जबकि मौके पर 57518 क्विंटल धान का स्टाक मिला। जांच में 413.47 क्विंटल का अवैध भंडारण मिला। राइस मिलर को दो दिन में स्पष्टीकरण देने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। संवाद