Pilibhit News: जच्चा-बच्चा की मौत के मामले की जांच शुरू
बिलसंडा। नगर में सब्जी मंडी के समीप स्थित निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत होने के मामले की जांच शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को सीएचसी अधीक्षक ने अस्पताल पहुंचकर संचालक से पूछताछ की। उन्होंने जांच के लिए संचालक से सभी अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा है।
थाना क्षेत्र के गांव कनपरी निवासी रामसेवक ने अपनी पत्नी लौंगश्री को प्रसव पीड़ा होने पर छह दिन पूर्व सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोप है कि आशा कार्यकर्ता ने परिजनों को लौंगश्री के लिए जिला अस्पताल नहीं ले जाने दिया बल्कि निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया।
निजी अस्पताल में ऑपरेशन से बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन रविवार को जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। रामसेवक के ऑपरेशन और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाने पर सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक को जांच के आदेश दिए। बृहस्पतिवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनीष शर्मा टीम के साथ निजी अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने अस्पताल संचालक से पूछताछ की। अभिलेख चेक किए। नशा देने वाले डॉक्टर से भी फोन पर बात की। डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि अस्पताल संचालक से जांच के लिए कुछ अभिलेख मांगे गए हैं। इसके बाद जांच रिपोर्ट तैयार कर सीएमओ को भेजी जाएगी।