Pilibhit News: दूध न देने वाले गोवंश को छुट्टा छोड़ने वालों पर होगी रिपोर्ट
पूरनपुर। दूध न देने वाले पालतू पशुओं को छुट्टा छोड़ने वाले पशु पालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जो सहायता लेने के बाद भी पशुओं को छुट्टा छोड़ रहे हैं, उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने सत्यापन के निर्देश राजस्व निरीक्षकों को दिए हैं। साथ ही चारागाह की जमीनों पर कब्जा, अतिक्रमण की रिपोर्ट दो दिन में तलब की है।
छुट्टा पशुओं से किसान परेशान है। पूरनपुर-बंडा हाईवे पर गांव रंपुरा, घुंघचाई, लुकटिहाई, गुलडिय़ा के समीप अक्सर पशु बैठे रहते है। छुट्टा पशुओं के हाईवे पर होने से अक्सर दुर्घटनाएं होती है। इसके अलावा किसानों को फसलों की रखवाली को रात को ही खेतों में जाना पड़ता है।
छुट्टा पशुओं की अक्सर मिलने वाली शिकायतों को एसडीएम ने गंभीरता से लेकर राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को आदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि जिन पशु पालकों ने दूध न देने वाले किसानों को छुट्टा छोड़ा है। उनको चिन्हित करने के आदेश दिए गए हैं। ताकि छुट्टा पशु छोडऩे वाले पशु पालकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जा सके।
०००००
निरीक्षण में एसडीएम को गोआश्रय में मृत मिली गाय
पूरनपुर। बृहस्पतिवार को एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने गांव फत्तेपुर स्थित गोआश्रय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में 60 पशुओं के रखने की क्षमता वाली गोशाला में 54 गोवंश मिले। एक गाय बीमार और एक मृत मिली। निरीक्षण में साफ-सफाई न मिलने पर उन्होंने रोष व्यक्त किया। परिसर में चारा बोने को पर्याप्त जमीन मिली। मगर कुछ जमीन पर धान की फसल मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। गोशाला के मुख्य गेट का पिलर क्षतिग्रस्त होने पर उसकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए।