Pilibhit News: झमाझम बारिश से बिजली आपूर्ति भी लड़खड़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 05 Jul 2023 12:17 AM IST
पूरनपुर। नगर सहित क्षेत्र में सुबह झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की, लेकिन बारिश बंद होने के बाद पूरे दिन लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ी। नगर की बिजली आपूर्ति भी लड़खड़ा गई। इससे लोगों को भारी असुविधा हुई।
सोमवार शाम साढ़े सात बजे पूरनपुर देहात में एक बरात घर के समीप केबल में आग लगने से फीडर नंबर दो की सप्लाई पौन घंटे बंद रही। कुछ देर बाद फीडर तीन में फॉल्ट आने से एक घंटा आपूर्ति ठप रही। सोमवार रात नौ बजे महिला अस्पताल के समीप फॉल्ट से फीडर नंबर दो की आपूर्ति फिर करीब पौन घंटा बंद रही। मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे फॉल्ट से फीडर दो की आपूर्ति फिर बंद हो गई।
सुबह सवा नौ बजे शेरपुर रोड पर एक बंद राइस मिल के समीप फॉल्ट होने से फीडर नंबर तीन की आपूर्ति आधा घंटे बंद रही। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे राधा माधव जगन्नाथ मंदिर के समीप और इसके बाद नगर पालिका चौराहा के पास फॉल्ट से फीडर एक और तीन करीब एक घंटे बंद रहे। इससे इनसे जुड़े इलाकों में बिजली गुल रही। शाम साढ़े पांच बजे डेढ़ घंटे की कटौती की गई।