Pilibhit News: अधिवक्ताओं की हड़ताल से वादकारी रहे परेशान
पीलीभीत। हापुड़ के अधिवक्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में जनपद के अधिवक्ता मंगलवार को भी कलमबंद हड़ताल पर रहे। इससे अदालती कामकाज ठप रहा। बुधवार को भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य नहीं करेंगे। वकीलों की हड़ताल से वादकारी परेशान हैं।
हापुड़ के अधिवक्ताओं पर 29 अगस्त को पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर 30 अगस्त से ही अधिवक्ता आंदोलनरत हैं। मंगलवार को भी जनपद के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अदालती कामकाज नहीं हुआ। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल ने मंगलवार की रात वर्चुअल बैठक बुलाई। प्रदेश भर के अधिवक्ताओं से आंदोलन के बारे में राय मांगी गई। इसमें जिले के अधिवक्ताओं ने आंदोलन जारी रखने पर सहमति जताई।
मंगलवार दोपहर बाद जिला संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्र, महासचिव आनंद मिश्रा, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलविंदर सिंह सहोता, महासचिव विवेक अवस्थी, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक पांडे, महासचिव मोहन गिरि गोस्वामी, कुलदीप अवस्थी, तेज सिंह वर्मा, विद्याराम वर्मा आदि ने बैठक में तय किया कि हापुड़ के अधिवक्ताओं के समर्थन में जिले के अधिवक्ता बुधवार को भी न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।