Pilibhit News: मंडी प्रशासन 100 रुपये के भाव बेच रहा टमाटर, चार दिन में बिके सिर्फ 40 किलो

मंडी समिति परिसर में लगा टमाटर बिक्री का स्टाल । संवाद
पीलीभीत। टमाटर की आसमान छूती कीमतों से लोगों को राहत देने के लिए मंडी में 100 रुपये प्रति किलो बिक्री के लिए काउंटर लगाया गया है। यहां प्रतिदिन सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक 100 रुपये किलो टमाटर बेचे जा रहे हैं। चार दिन में अभी तक यहां से महज 40 किलो टमाटर की बिक्री हो सकी है। लोगों का कहना है कि यदि काउंटर सुबह आठ बजे से लगाया जाए तो लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
मंडी समिति में रोजाना सुबह आठ बजे तक सब्जी की खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ रहती है। इस दौरान लेाग टमाटर भी खरीदते हैं। थोक खरीदारों के साथ ही फुटकर में भी लोग खरीदते हैं। सुबह मंडी में थोक में 110 से 120 रुपये किलो टमाटर बिक रहा है। जबकि फुटकर में 140 से 160 रुपये किलो तक टमाटर बिक रहा है।
इसको देखते हुए मंडी प्रशासन की ओर से टमाटर की किफायती कीमत लगाकर बिक्री के लिए काउंटर लगाया गया है। यहां पर रोजाना 20 से 25 किलो टमाटर को रखा जा रहा है। इसका समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक का तय किया गया है। ऐसे में सुबह सब्जी खरीदने मंडी आने वाले लोगों को इस काउंटर का फायदा नहीं मिल पा रहा है। यही कारण है कि काउंटर में पिछले चार दिनों में अब तक 40 किलो टमाटर की बिक्री ही हो सकी है।
00
सुबह आठ बजे लगे काउंटर तो लोगों को मिलेगी राहत
मंडी में सुबह के समय ही लोगों की भीड़ रहती है। सुबह नौ बजे के बाद खरीदारों का टोटा पड जाता है। इसके बाद वही लोग आ पाते हैं जो करीब में है। लोगों का कहना है कि काउंटर सुबह आठ बजे या इससे पहले लगे तब फायदा है। मंडी में सब्जी खरीदने वाले इस काउंटर से टमाटर खरीद सकेंगे। अन्यथा पेट्रोल खर्च कर अलग से एक या आधा किलो टमाटर लेने मंडी तक कोई नहीं आएगा।