Pilibhit News: दहेज की खातिर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। बाइक और रुपयों की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। कोतवाली पुलिस ने पीडि़ता की ओर से उसके पति, सास, ननद समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव बंजरिया निवासी प्रिंशी देवी की शादी 14 मई 2021 को सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव जोगराजपुर निवासी शिवम मिश्रा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद दहेज में बाइक की मांग और पति के बीमार होने पर उसके इलाज को रुपये लाने की मांग शुरू कर दी गई।
मांग पूरी न होने पर उसका शारीरिक, मानसिक उत्पीडऩ शुरू कर दिया गया। पांच नवंबर को मांग पूरी न होने पर उसकी पिटाई कर मायके से दो लाख रुपये लाने और मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
इसकी सूचना प्रिंशी ने अपने मायके वालों को दी। मायके वालों के सुसराल पहुंचने पर उनके सामने उसकी पिटाई कर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने प्रिंशी की ओर से उसके पति शिवम मिश्रा, सास चंद्रप्रभा मिश्रा, देवर शरद मिश्रा, ननद दीपमाला, रजनी मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।