Pilibhit News: दियोरिया में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
– छह माह पहले परिवार वालों की मर्जी के बगैर की थी शादी
– मायके पक्ष के लोगों ने लगाया मारपीट कर मारने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। दियोरिया में एक विवाहिता की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना दियोरिया क्षेत्र के गांव महदखास निवासी कन्हई लाल ने बताया है कि उनकी पुत्री पूजा (20) ने अपनी मर्जी से गांव के ही रजनीश पुत्र धर्मपाल से छह माह पूर्व शादी की थी। सोमवार को उन्हें गांव के ही युवक ने फोन कर जानकारी दी कि उनकी बेटी को ससुराल वालों ने मारपीट कर घायल कर दिया है।
सूचना मिलने के बाद परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंचे। परिवार वालों ने जब ससुराल वालों से इस संबंध में पूछा तो उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है। इसके बाद ससुराल के लोग वहां से भाग गए। बाद में पता चला कि पूजा की मौत हो चुकी है।
पूजा के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले आए दिन पूजा को पीटते थे। मौजूदा समय में उनकी बेटी चार माह से गर्भवती भी थी। उन्होंने बताया कि ससुराल के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर पूजा को मार डाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

