Pilibhit News: विवाहिता की मौत, जहरीला पदार्थ देकर हत्या का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
पीलीभीत। विवाहिता की मौत पर परिवार वालों ने उसे विषैला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जिला बरेली के थाना क्योलड़िया के गांव माधोपुर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उसकी बहन पुष्पा देवी की शादी थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव जिरौनिया से उमेश से की थी। हैसियत के हिसाब से दहेज भी दिया था। मगर ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। सभी लोग उसकी बहन को आए दिन मारते-पीटते रहते थे। 14 जून को ससुराल से ससुर भीमसेन का फोन आया कि उसकी बहन की तबीयत सही नहीं है।
बरेली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद वह अपनी बहन को देखने अस्पताल पहुंचा। जहां उसने बताया कि परिवार वालों ने उसे मारापीटा और उसे जबरदस्ती विषैला पदार्थ दे दिया। उसकी 14 जून की रात को मौत हो गई। इसके बाद युवक ने मामले की तहरीर थाना बरखेड़ा में दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति उमेश, ससुर भीमसेन, सास फूलवती, जेठ माखनलाल, जेठानी ज्योति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद