पीलीभीत

Pilibhit News: दस से अधिक प्रस्ताव हुए पास, कुछ मुद्दों को लेकर हंगामा

Connect News 24

– ब्लॉक सभागार में हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक मे सदस्यों ने रखी समस्याएं

संवाद न्यूज एजेंसी

बीसलपुर। ब्लॉक सभागार में बृहस्पतिवार को हुई क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप सही कराने समेत 10 से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास हुए। बैठक में कुछ मुद्दों को लेकर हंगामा भी हुआ।

बैठक में सर्वप्रथम कार्यालय के प्रधान लिपिक विनय सिंह ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई। इस कार्यवाही को सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया। उसके बाद बैठक शुरू हुई। बैठक में खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंपों को चिह्नितकर सही कराने, छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान कराने, वंचित पात्रों के राशन कार्ड प्रधानमंत्री आवास और गोल्डन आयुष्मान कार्ड बनवाने, क्षेत्र पंचायत सदस्यों का पूरा सम्मान करने, बैठक में अनुपस्थित रहे विभिन्न विभागों के अधिकारियों की शिकायत जिलाधिकारी से करने, बड़े पैमाने पर चल रही बिजली की अघोषित कटौती खत्म कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से पत्राचार करने, अधूरे पड़े प्रधानमंत्री आवासों और मुख्य मंत्री आवासों को शीघ्र पूरा कराने आदि महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए।

बैठक में आपूर्ति निरीक्षक के न आने, क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सम्मान न दिए जाने, वंचित पात्रों के राशनकार्ड न बनाए जाने, खराब पड़े हैंडपंपों को सही ने कराने आदि मुद्दों पर हंगामा हुआ। खंड विकास अधिकारी वेद प्रकाश ने इन सभी समस्याओं को अतिशीघ्र हल कराने का आश्वासन देकर हंगामा खत्म कराया।

बैठक में डिप्टी सीवीओं डॉ. योगेंद्र कुमार, पंचायत विभाग के सहायक विकास अधिकारी सुरेश वर्मा, कृषि विभाग के सहायक विकास अधिकारी बसंतलाल, उद्यान विभाग की पौधशाला के प्रभारी आरडी गंगवार, लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता वीके दीक्षित आदि अधिकारियों ने अपने अपने विभागों से संबंधित योजनाएं बताईं।

इन अधिकारियों ने लोगों से इन योजनाओं से लाभांवित होने का सुझाव दिया। बैठक में आपूर्ति, गन्ना, लोक निर्माण विभाग, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, जलनिगम, पावर कारपोरेशन, राजस्व, मत्स्य आदि विभागों के प्रतिनिधि नहीं आए थे। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख अशोक शर्मा ने और संचालन अविनाश तिवारी ने किया। जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि विशेष वर्मा ने अपने क्षेत्र की कई समस्याएं बताईं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button