Pilibhit News: पांच लाख रुपये न मिलने पर मां-बेटे को घर से निकाला
कोर्ट के आदेश पर जहानाबाद पुलिस ने छह लोगों पर दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शादी के बाद दहेज में पांच लाख रुपये व सोने की चेन न देने से नाराज ससुरालियोें ने विवाहिता व उसके पुत्र को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव मुडसेना मदारी निवासी सोनम ने बताया कि वर्ष 2021 में उसकी शादी अमरिया क्षेत्र के मोहल्ला रामलीला ग्राउंड निवासी मुकेश कुमार से हुई थी। ससुराल पक्ष के लोग दहेज से खुश नहीं थे। जिस कारण वह लोग उसे परेशान करते रहते थे। ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये व एक सोने की चेन की मांग कर रहे थे।
इसी दौरान 20 जुलाई 2022 को उसको पुत्र का जन्म हुआ। इसके बावजूद वे लोग उसे परेशान करते रहे। 15 अगस्त 2022 को ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट करते हुए दहेज की मांग की और 25 दिन के पुत्र दिव्यांश के साथ उसे घर से निकाल दिया। 31 अगस्त को वह अपनी मां चंद्रकली व रोहित के साथ अमरिया पहुंची, लेकिन उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट करते हुए रुपये लाने की बात कहते हुए उसे वहां से भगा दिया।
उसने मामले की शिकायत थाने में की। मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पति मुकेश, ससुर मनोहर लाल, सास नथिया देवी, देवर सचिन व कैलाश और ननद सर्वेश के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।