Pilibhit News: भौतिक सत्यापन के बाद ही नगर पालिकाएं कराएं विद्युतीकरण के काम

गांधी सभागार में बैठक लेते डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार । संवाद
पीलीभीत। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद बीसलपुर और पूरनपुर में 14वें वित्त से कराए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने कार्यों मेें लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा, विद्युतीकरण के कार्य भौतिक सत्यापन के बाद ही कराए जाएं।
गांधी सभागार में हुई बैठक में डीएम ने सड़क निर्माण, नाली निर्माण, विद्युतीकरण, कचरा ढोने वाले वाहनों को क्रय करने, सोलर वेस्ट कूलर, अधिष्ठापन को लेकर चर्चा की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। कहा, इसके बाद ही विद्युतीकरण का कार्य कराया जाए। इसके साथ ही साथ उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नाली निर्माण, सीसी रोड निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप व गुणवत्तायुक्त कराएं।
निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी वाहन क्रय किए जाएं, उनका विवरण स्टॉक रजिस्टर में अंकित रखा जाए। बैठक में बीसलपुर व पूरनपुर के अधिशासी अधिकारी के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।