Pilibhit News: नगर पालिका ने अवैध कब्जा हटाकर भूमि पर किया कब्जा

बीसलपुर में पालिका की जमीन से जेसीबी द्वारा हटाया जा रहा अतिक्रमण। संवाद
अभियान के दौरान अवैध कब्जेदारों से होती रही नोकझोंक
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। नगरपालिका कर्मचारियों ने मंगलवार को दो स्थानों पर अभियान चलाकर पालिका के दो भूखंडों से अवैध कब्जा हटाया। अतिक्रमणकारियों को दोबारा ऐसी हरकत करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस दौरान अवैध कब्जेदारों की टीम के साथ नोकझोंक भी हुई।
नगरपालिका के आराजी प्रभारी जकील खां ने बताया कि मोहल्ला ग्यासपुर के एक दबंग ने बरेली रोड पर नगरपालिका के 32 डिसमिल क्षेत्रफल वाले भूखंड नंबर 391 पर पिछले काफी समय से कब्जा कर रखा था। इस दबंग ने पालिका के इस भूखंड को अपने खेत में मिला लिया था। इस भूखंड पर खेती हो रही थी।
मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी के एक दबंग ने मोहल्ला ग्यासपुर में नगरपालिका के नौ डिसमिल क्षेत्रफल वाले भूखंड नंबर 127 पर पिछले काफी समय से अवैध कब्जा कर रखा था। विभागीय उच्चाधिकारियों से अनुमति लेने के बाद नगरपालिका कर्मचारियों ने मंगलवार को जेसीबी से दोनों भूखंंडों से अतिक्रमण हटा दिया और कब्जा कर लिया।
अतिक्रमण हटाते समय दबंगों और पालिका कर्मियों में काफी नोकझोंंक भी हुई। पालिका कर्मियों ने दबंगों को चेतावनी देेते हुए कहा कि यदि उन लोगों ने भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत की तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाते समय दोनों स्थानों पर लोगों की काफी भीड़ लगी रही।