Pilibhit News: नौकरी के बहाने हिमाचल प्रदेश ले जाकर युवक की हत्या
– पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की
– गांव के ही युवकों ने साजिश रचकर दिया घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत/बिलसंडा। थाना बिलसंडा क्षेत्र की चौकी करेली के गांव गौहरपुर की महिला ने बताया कि गांव के चार लोग उसके पति को हिमाचल नौकरी कराने ले गए थे। जहां चारों युवकों ने साजिश रचकर उसके पति की हत्या कर दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तहरीर के आधार पर चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव गौहरपुर की रहने वाली सुनीता ने बताया है कि गांव के नरेश वयस्क पुत्र भगवान दास, हाकिम वयस्क पुत्र राजेश, सौरभ वयस्क पुत्र राजेश और रामसरन राठौर पुत्र रोशनलाल उसके पति जितेन्द्र उर्फ पप्पू को एक अगस्त 2022 को हिमाचल प्रदेश में नौकरी कराने के लिए ले गए थे। नरेश अपनी पूरी जिम्मेदारी पर जितेंद्र को वहां लेकर गया था।
कुछ दिन तक तो उसकी पति से बातचीत होती रही। एक सप्ताह के बाद पति से बात होना बंद हो गई। जब नरेश से कहा तो उसने भी उसके पति से बात नहीं कराई और तबीयत खराब होने का बहाना कर दिया। संपर्क करने पर वहां गए अन्य लोगों ने जानकारी दी, कि तुम्हारे पति से चार युवकों ने मारपीट की है।
महिला का कहना है कि जब उसने कार्रवाई की धमकी दी तो आरोपी उसके पति को बिलसंडा लाने की बात कहने लगे। बाद में बिलसंडा लाते वक्त पति की रास्ते में ही मौत हो गई। करेली चौकी पर दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने पति के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद भी पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया। जिसके बाद उसने कोर्ट का सहारा लिया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार आरोपियों के विरुद्ध हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।