Shahjahanpur News: वित्तमंत्री की गाड़ी फंसी फिर भी नहीं भरा गया गड्ढा

पुराने अस्पताल के सामने भरा गया गढ्ढा।संवाद
शाहजहांपुर। वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना की गाड़ी शनिवार को पुराना जिला अस्पताल के सामने सीवर लाइन के लिए हुई खोदाई से बने गड्ढे में फंस गई थी। इस गड्ढे को अब भी समुचित ढंग से नहीं भरा गया है। वहीं शहर के दूसरे मार्गों पर भी गड्ढे हैं, जिनमें सोमवार को वाहन फंसते रहे और दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
शहर में सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों की बिना किसी योजना के खोदाई की जा रही है। सीवर लाइन डालने के बाद भी खोदी गई सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा है। इस वजह से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और इनमें वाहनों के फंसने की घटनाएं बढ़ गईं हैं। शनिवार शाम वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना की गाड़ी भी पुराना जिला अस्पताल के सामने खोदी हुई सड़क के गड्ढे में फंस गई थी। वित्तमंत्री उस समय नगर निगम की बैठक में जा रहे थे।
उन्होंने गाड़ी गड्ढे में फंसने पर जल निगम के अधिकारियों को बुलाकर फटकार भी लगाई। साथ ही योजना बनाकर सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों की खोदाई कराने और उनकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए। हालांकि उनके निर्देशों का असर कहीं दिखाई नहीं दिया। 48 घंटे बीतने के बाद भी वित्तमंत्री की गाड़ी जिस गड्ढे में फंसी थी, उसको नहीं भरा गया है। दूसरी ओर शहर की अन्य सड़कों के गड्ढों में वाहन फंस रहे हैं।
निजी स्कूल के सामने फिर फंसा ट्रैक्टर ट्रॉली
– शुक्रवार रात एक ट्रैक्टर ट्रॉली डॉन एंड डोना स्कूल के सामने सड़क पर गड्ढे में फंस गई थी। इसे निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। सोमवार को एक बार फिर इसी स्कूल के सामने उसी गड्ढे में ट्रैक्टर ट्रॉली फंस गई। ट्रॉली में मिट्टी भरी हुई थी। चालक को वहीं पर मिट्टी पलटकर ट्रॉली काे निकालना पड़ा। इस बीच घंटाघर रोड पर जाम लग गया।
खिरनीबाग में जेल रोड पर शुरू हुई खोदाई
– सोमवार को खिरनीबाग चौराहा से जेल रोड पर खोदाई का कार्य शुरू हो गया। जेसीबी से सड़क को खोद डाला गया। जिससे चौराहे पर वाहनों के आवागमन में समस्या पैदा होने लगी। कई बार जाम लगा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अंटा चौराहा से अंजान चौकी मार्ग किया बंद
– अंटा चौराहा से अंजान चौकी मार्ग सोमवार को बैरिकेडिंग करके बंद कर दिया गया। इस मार्ग को खोदने का काम फिर से किया जा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों का घर से निकलना-बैठना भी दूभर हो गया है। वाहनों को भी दूसरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ा।
सीवर लाइन डालने का काम जल्द ही पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। जहां पर गड्ढे हैं, उनको भरने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। पुराना जिला अस्पताल व डान एंड डोना स्कूल के सामने जो गड्ढे हुए हैं उन्हें भरवा दिया जाएगा। – सुनील कुमार यादव, एक्सईएन, जल निगम

पुराने अस्पताल के सामने भरा गया गढ्ढा।संवाद