Pilibhit News: चंदिया हजारा और राहुलनगर के समीप हाथियों ने खेतों में घुसकर खाया गन्ना
पूरनपुर। हाथियों का झुंड अब हरीपुर के जंगल में बुधवार रात को आ गया। हाथियों ने गांव चंदिया हजारा के गोपालराय और आसपास के खेतों में घुसकर गन्ना की फसल खाई और खराब की। खेतों मेंं पहुंचे किसान समीप के जंगल में हाथियों की चिंघाड़ सुनकर घरों को लौट आए।
बृहस्पतिवार शाम छह बजे हाथियों के राहुलनगर नई बस्ती के समीप खेतों में पहुंचने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। पिछले कई दिनों से मैलानी के जंगल से निकलकर आसपास सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के जंगल किनारे के खेतों में हाथियों के पहुंचने, गन्ना, धान की फसल खाने, खराब करने से किसान परेशान थे।
सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में दो दिन से हाथी नहीं पहुंच रहे हैं। हाथियों की निगरानी टीम का नेतृत्व कर रहे मैलानी रेंंज के वन दरोगा राजाराम तिवारी ने बताया कि हाथी खुटार थाना के मढ़ा गांव की ओर चले गए हैं। बुधवार रात पांच हाथियों का झुंड हरीपुर जंगल में आ गया। हाथियों ने बुधवार रात को जंगल से निकलकर गांव चंदिया हजारा और राहुलनगर के समीप गांव चंदिया हजारा निवासी गोपाल राय के खेत में घुसकर गन्ना की फसल खाई और खराब की।
बृहस्पतिवार को कुछ किसान खेतों की ओर गए। तब जंगल से हाथियों की चिंघाड़ सुनकर वापस घरों को लौट आए। बृहस्पतिवार शाम छह बजे फिर हाथी खेतों में पहुंच गए। हरीपुर रेंजर वीरेंद्र रावत ने बताया कि बुधवार रात को पांच हाथियों का झुंड जंगल मेंं आया है। बृहस्पतिवार शाम को हाथियों के खेतों में पहुंचने की सूचना पर कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजा गया है।