Pilibhit News: डीएम के 24 घंटे के आश्वासन पर भी नहीं हुई कोई कार्रवाई
अमरिया। अमरिया क्षेत्र के गांव कैंचूटांडा में नेहा ब्रिक फील्ड के गड्ढे में डूबकर तीन बच्चों की मौत के मामले में ग्रामीण बुधवार को मंडलायुक्त से मिले। उन्होंने भट्ठा मालिक की गिरफ्तारी की मांग उठाई। कहा- डीएम ने 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन जांच के नाम पर प्रशासन अब तक गड्ढे की सिर्फ गहराई की माप सका है।
कैंचूटांडा में चार जुलाई को ईंट भट्ठे के लिए मिट्टी का खनन करने से हुए गहरे गड्ढे में डूबकर तीन बच्चों की मौत हो गई थी। घटना के बाद प्रशासन मामले को सिर्फ जांच में उलझाए हुए है। ग्रामीण लगातार भट्ठा संचालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, लेकिन इसे अनसुना किया जा रहा है। ग्रामीणों ने तीन दिन पहले डीएम से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी। डीएम ने 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इससे खफा ग्रामीण बुधवार को मंडलायुक्त से मिले और भट्ठा संचालक की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने भट्ठा संचालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सौंपे ज्ञापन में कहा है कि डीएम से मिलकर नेहा ब्रिक फील्ड के संचालक अमीर अहमद और उसके बेटों की गिरफ्तारी की मांग की गई थी। डीएम ने 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक भट्ठा ही सीज नहीं किया गया है। कमिश्नर ने ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डीएम बोले- कार्रवाई के लिए तैयार हो रही है पत्रावली
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि तीन बच्चों की मौत के मामले में जांच कराई गई है। अब कार्रवाई के लिए पत्रावली तैयार कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट में जो भी खामियां पाई गईं हैं, उन्हीं के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।