Pilibhit News: सराफा व्यापारी के लापता पुत्र का सुराग नहीं, चार हिरासत मेंं
– एसओजी ताबड़तोड़ मार रही छापे, नहीं मिल पा रहा कोई सुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। सराफा व्यापारी के लापता पुत्र जतिन वर्मा का चौथे दिन भी सुराग नहीं लग सका। जतिन के मोबाइल से आखिरी बार बरेली की एक महिला से बात हुई थी। जिस पर एसओजी ने बरेली में सेटेलाइट चौराहा के पास एक होटल में छापा मारकर एक युवक और एक महिला को हिरासत में लिया। इसके बाद दो अन्य महिलाओं को पकड़ा, लेकिन जतिन के बारे में सुराग नहीं लग सका।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस को पता चला है कि एक युवक ने जतिन को 26 मई को बरेली के एक मॉल से सेटेलाइट बस स्टैंड तक छोड़ा था। इसके बाद से उसकी कोई लोकेशन नहीं मिली। छात्र का सुराग न लगने से उसके परिजन चिंतित है। छात्र की बरामदगी को लगाई गई टीमें छात्र तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुईं हैं।
सराफा व्यापारी संजीव वर्मा के पुत्र जतिन (20) ने हाल में ही बरेली के भोजीपुरा के एक कॉलेज में बीबीए में प्रवेश लिया था। 26 मई को जतिन घर से बरेली कॉलेज जाने की जानकारी देकर सुबह आठ बजे निकला था, लेकिन वह न तो कॉलेज पहुंचा और न ही घर लौटा। उसके तीनों मोबाइल भी बंद हो गए। जतिन के चाचा सतीश वर्मा ने शनिवार को जतिन की गुमशुदगी दर्ज कराई।
छात्र का सुराग न लगने पर रविवार को सराफा व्यापारियों और अन्य लोगोंं ने छात्र का सुराग न लगने के विरोध में कोतवाली का घेराव कर हंगामा किया था। छात्र का सुराग सोमवार शाम तक न लगने पर मंगलवार को पूरनपुर का पूरा बाजार बंद कराने की चेतावनी दी थी।
कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि 26 मई को जतिन के मोबाइल से एक युवक को कॉल करने की बात सामने आई है। यह युवक रविवार को सेटेलाइट चौराहे के पास एक होटल में गया था। शक होने पर एसओजी ने छापा मारा तब वहां युवक के साथ युवती भी बरामद हुई। महिला से पूछताछ के बाद टीम ने बरेली से ही दो अन्य महिलाओं को हिरासत में लिया है। हिरासत में ली गई तीन महिलाओं में दो अपने को कोलकाता की बता रहीं हैं। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि छात्र की तलाश को टीमें लगी हुई है। छात्र का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
0000000
छात्र का सुराग न मिलने पर परिजन चिंतित
छात्र के पिता सराफा व्यापारी संजीव वर्मा ने बताया कि सोमवार शाम तक पुत्र की कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस पुत्र को शीघ्र ढूूूंढने की बात कह रही है। रविवार को बरेली में टीम के छापा मारने के दौरान छात्र के चाचा सतीश वर्मा मौजूद रहे। हालांकि मंगलवार को बाजार बंद रहने को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हो सकी है।