Pilibhit News: छात्र का छठे दिन भी सुराग नहीं, परिजन चिंतित
– सर्राफ के बेटे के लापता होने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। बीबीए के लापता छात्र जतिन वर्मा का छठे दिन भी सुराग नहीं लग सका। परिजनों की चिंता अब बढ़ने लगी है और धैर्य भी टूट रहा है। करीबी असमंजस में है। परिजन पुलिस की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं हैं।
सराफ व्यापारी का पुत्र जतिन 26 मई को घर से बरेली कॉलेेज जाने की जानकारी देकर निकला था। इसके बाद उसके बरेली के स्पा सेंटर के संचालक, उसके कर्मचारी से मोबाइल पर बात होने और स्पा सेंटर तक जाने के सुबूत पुलिस को मिले। साथ ही अगले दिन उसके मोबाइल की लोकेशन पीलीभीत के गांव बराहा और आसपास मिली।
27 मई को जतिन के चाचा सतीश वर्मा ने गुमशुदगी दर्ज कराई। लापता छात्र का सुराग न लगने पर 28 मई को सराफा और अन्य व्यापारियों ने कोतवाली में हंगामा कर रोष व्यक्त किया। विरोध प्रदर्शन को लेकर 28 मई को नगर का सराफा बाजार बंद रहा। नाराज व्यापारियों ने शीघ्र ही छात्र का सुराग न लगने पर 30 मई को पूरा बाजार बंद कराने की चेतावनी दी।
लापता छात्र को लेकर एसओजी, सर्विलांस टीम और नगर चौकी इंचार्ज दीपचंद के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं। टीमों ने बरेली के एक होटल में छापा मारकर स्पा सेंटर के कर्मचारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। स्पा सेंटर से जुड़ी तीन महिलाओं को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। स्पा सेंटर का कर्मचारी अब भी पुलिस हिरासत में है।
जतिन के चाचा सतीश वर्मा ने बताया कि अब तक भतीजे की तलाश पुलिस नहीं कर सकी है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर बृहस्पतिवार को अब पुलिस से फिर बात की जाएगी। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि बुधवार को तीनों टीमें अलग-अलग स्थानों पर गईं हैं।