Pilibhit News: इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को ई-मेल की बाध्यता नहीं
– पिछले सत्र में आवश्यक था ये कॉलम, अब किया गया है नियम में बदलाव
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। इंटर कॉलेजों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं के लिए उनका ई-मेल आवश्यक होने की बाध्यता अब हटा दी गई है। यदि ई-मेल नहीं भी है तो इसका कोई प्रभाव उनके शिक्षण या छात्रवृत्ति की सुविधा पर नहीं पड़ेगा। फिलहाल कॉलेजों की खुद की वेबसाइट होना अनिवार्य है, जिसपर उनके बारे में संपूर्ण जानकारी उपलब्ध होनी चाहिये।
शिक्षण सत्र 2022-23 में माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इंटर कॉलेजों के लिए उनकी स्वयं की वेबसाइट का होना अनिवार्य कर दिया गया था। इसके अनुपालन में जिले के सभी कॉलेजों ने अपनी-अपनी वेबसाइट तैयार कर लीं, जिन पर विद्यार्थियों की संख्या, मान्यता वर्ष, शिक्षक-शिक्षिकाओं की संख्या व सुविधाओं के बारे में जानकारी मौजूद है। परिषद ने छात्र-छात्राओं की ई-मेल आईडी को भी अनिवार्य कर दिया था।
जिले के कुल 170 सरकारी व गैर सरकारी इंटर कॉलेज इस पर काम कर रहे थे, हालांकि वर्तमान सत्र में परिषद ने इस नियम की अनिवार्यता को खत्म कर दिया। अब जिन छात्र-छात्राओं के पास उनका खुद का ई-मेल आईडी नहीं भी है तो छात्रवृत्ति या शिक्षण से जुड़ी किसी भी गतिविधि पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
इस सत्र में छात्र-छात्राओं को ई-मेल की अनिवार्यता से अलग रखा गया है। हालांकि पहले आदेश जारी किया गया था जिसमें बदलाव किया गया है। जिले के सभी इंटर कॉलेजों के पास उनकी स्वयं की वेबसाइट्स मौजूद हैं।
– गिरजेश कुमार चौधरी, डीआईओएस