Pilibhit News: मरम्मत के लिए रुपये की मंजूरी नहीं, फिलहाल भरे जाएंगे गड्ढे
पीलीभीत-माधोटांडा मार्ग की दयनीय हालत के कारण आए दिन होते हैं हादसे
– गड्ढों के कारण वाहनों के रफ्तार न पकड़ने से जंगल क्षेत्र में रहता है हर वक्त खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पीलीभीत-माधोटांडा तीस किलोमीटर लंबे मार्ग की विशेष मरम्मत के लिए नौ करोड़ रुपये को मंजूरी नहीं मिल सकी है। इस कारण लोक निर्माण विभाग ने गड्ढों को भरवाने का काम शुरू कर दिया है।
पीलीभीत से माधोटांडा तक जाने वाला 30 किलोमीटर लंबा मार्ग बेहद खराब हो चुका है। वाहनों के लोड से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग की ओर से नौ करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था, जो अभी शासन में लंबित है। वहीं सड़क की हालत पहले से ज्यादा खराब होती जा रही है। गड्ढे जानलेवा हो गए हैं। समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग की ओर से फिर से गड्ढों को भरवाने का काम शुरू किया गया है। अभी गड्ढों मेंं पत्थर और मिट्टी ही डाली जा रही है।
पहले भी भरे गए थे गड्ढे, नहीं हो सका था समाधान
पूर्व में भी करीब चार से पांच बार गड्ढों को भरा जा चुका है। इसमें भी कहीं न कहीं लापरवाही होती रही। यही कारण है कि भरने के कुछ दिन बाद ही गड्ढे फिर जस के तस हो जाते हैं। अब फिर से बिना किसी बजट आदि के गड्ढों को भरवाने का दावा किया जा रहा है।
सड़क की विशेष मरम्मत के लिए शासन के पास नौ करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। यह पास नहीं हो सका है। फिलहाल गड्ढों को भरवाया जा रहा है।- उदय नरायन, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग