पीलीभीत

Pilibhit News: 78 में से एक भी ग्राम पंचायत में स्थापित नहीं हुई वाटिका

Connect News 24

बीसलपुर। अधिकारियों की अनदेखी के चलते विकास खंड क्षेत्र की 78 में से एक भी ग्राम पंचायत में अब तक मनरेगा से वाटिका की स्थापना नहीं हो पाई है। ग्राम पंचायतों में वाटिका की स्थापना 15 अगस्त को होनी थी।

उच्चाधिकरियों ने ग्राम पंचायतों में वाटिका विकसित करने के निर्देश 15 अगस्त से पहले ही दे दिए थे। कहा गया था कि हर हाल में वाटिका स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले ही विकसित हो जाएं, लेकिन आदेश देने के बाद अफसर उसका क्रियान्वयन कराना भूल गए। इसका नतीजा यह हुआ कि विकास खंड क्षेत्र की एक भी ग्राम पंचायत में अब तक वाटिका स्थापित नहीं हो सकी है।

वाटिकाओं में विभिन्न प्रकार के 75 फल और फूलदार पौधे लगाए जाने थे। पौधों का वितरण राजकीय पौधशाला से होना था। इनका भुगतान मनरेगा की मद से किया जाना था। अब जब वर्षाकाल समापन की ओर है, ऐसे में वाटिका विकसित हो पाने की उम्मीद बहुत कम है। अगर 15 अगस्त को वाटिका स्थापित हो जातीं तो पौधों का विकास आसानी से हो जाता।

परेवा के ग्राम प्रधान आकाश कमल शर्मा का दावा है कि उन्होंने अपने गांव में वाटिका स्थापित करने के लिए मंगलवार को राजकीय उद्यानशाला से पौधे मंगवा लिए हैं। इस बाबत प्रभारी खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों में वाटिका स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही सभी ग्राम पंचायतों में वाटिका स्थापित हो जाएंगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button