Pilibhit News: बीसलपुर के कोतवाल के खिलाफ जांच के आदेश
पूर्व मंत्री के लगाए आरोपों की जांच करेंगे एएसपी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत/बीसलपुर। पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा ने बीसलपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पर आरोप लगाए, सोमवार को धरना भी दिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक को जांच के आदेश दिए हैं। जांच के दौरान एएसपी संबंधित पक्षों से साक्ष्य लेंगे। आरोप सही पाए जाते हैं तो कार्रवाई होगी।
उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी ने सोमवार को रामलीला मैदान में पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा एवं उनके समर्थकों द्वारा दिए गए धरने की संयुक्त रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी। एसपी ने भी आरोपों का संज्ञान लिया।
यह था मामला
सहकारी क्रय-विक्रय समिति के संचालक मंडल के चुनाव में उम्मीदवार कामता प्रसाद के साथ हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पूर्व मंत्री ने कहा था कि अफसरों के हस्तक्षेप से एफआईआर तो दर्ज हुई लेकिन अपराध का अल्पीकरण किया गया। धाराएं कम लगाईं गईं। अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। इस मामले में बीसलपुर के कोतवाल को हटाने की मांग उठाई तो धरना समाप्त कराने आए अफसरों ने कहा- यह उनके हाथ में नहीं है। इस दौरान पूर्व मंत्री ने कुछ अन्य मांगों को भी रखा। पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि कोतवाल को छह मई तक अवकाश पर नहीं भेजा गया तो वह अपने समर्थकों के साथ सात मई से रामलीला मैदान पर बेमियादी धरना शुरू कर देंगे।