Pilibhit News: दुष्कर्म पीड़िता के बयान पर टिका पीएसी के सिपाही का भविष्य
महिला के आज कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे बयान
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। महिला ने पीएसी के सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए सुनगढ़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अब महिला के लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही बृहस्पतिवार को उसके बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ले की रहने वाली महिला ने जिला शाहजहांपुर के थाना रोजा के गांव हथौडा बुजुर्ग निवासी पीएसी के सिपाही आनंद कुमार पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल कराकर जेल भी भेज दिया।
इसके बाद पुलिस ने जब महिला का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा तो वहां उसने मेडिकल कराने से इन्कार कर दिया। महिला ने लिखित रूप से भी पुलिस को दे दिया कि उसे मेडिकल नहीं कराना है। मंगलवार की देर शाम पुलिस के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, साथ ही जांच की। इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार को महिला के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। जो सामने आएगा उसके अनुरूप ही आगे की कार्रवाई होगी।