Pilibhit News: पंचायत राज विभाग गांव-गांव खोज रहा स्वतंत्रता सेनानी
पीलीभीत। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत इस बार मेरी माटी-मेरा देश अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत अमृत सरोवरों पर वहां के स्वतंत्रता सेनानियों के नाम के शिलापट लगाए जाएंगे। पंचायत राज विभाग ने गांव-गांव सेनानियों की तलाश शुरू कर दी है। 15 अगस्त से पहले ही सरोवरों और पंचायतघरों पर शिलापट लगाए जाने हैं।
मेरी माटी-मेरा देश अभियान में हर गांव से मिट्टी के कलश तैयार किए जा रहे हैं। अमृत सरोवरों पर गांव के स्वतंत्रता सेनानियों के नाम का शिलापट लगाने के लिए पंचायत राज विभाग गांव-गांव स्वतंत्रता सेनानियों की तलाश कर रहा है। सचिव और रोजगार सेवक जानकारी जुटा रहे हैं। जिस गांव में सेनानी नहीं होंगे, वहां प्रधानमंत्री के संदेश का पट लगाया जाएगा।
00
शिलापट के साथ ही बनेगी शहीद वाटिका
गांवों में सेनानियों के शिलापट के साथ ही शहीद वाटिका भी बनाई जाएगी। इसके लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। वाटिका में फलदार पौधों के साथ ही औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। पौधे सामाजिक वानिकी की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे।
00
मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत तैयारी चल रही हैं। पूर्व में बैठक कर सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। – धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी