Pilibhit News: तीन वर्ष से हिचकोले खा रहे राहगीर

बीसलपुर का जर्जर फरीदपुर रोड । संवाद
बीसलपुर। विभागीय अनदेखी के चलते गांव रिछोला सबल से फरीदपुर जाने वाले मार्ग का करीब एक किलोमीटर हिस्सा काफी बदहाल है। आजकल बारिश के मौसम में इसकी काफी दुर्दशा हो चुकी है। इसका खामियाजा राहगीर रास्ते में हिचकोले खाकर भुगत रहे हैं। बजट के अभाव में दो बार एस्टीमेट लौटा दिया गया है।
रिछोला सबल से बरेली के कस्बा फरीदपुर तक लगभग 28 किलोमीटर मार्ग पक्का है। सिर्फ एक किलोमीटर का हिस्सा पीलीभीत जिले में और बाकी हिस्सा बरेली जिले में है। बरेली जिले का पूरा हिस्सा दुरुस्त है, लेकिन पीलीभीत जिले में पड़ने वाला मार्ग मरम्मत न होने के कारण पिछले तीन वर्षों से काफी बदहाल है। इस जर्जर मार्ग में जगह-जगह गड्ढे हैं।
आजकल बारिश में इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भरा हुआ है। इस जर्जर मार्ग से गुजरने वाले चौपहिया वाहनों के अक्सर कमानी टूट जाती हैं। दो पहिया वाहन पंक्चर होते रहते हैं। यात्रियों को काफी दिक्कत होती है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन के अधिकारियों से कई बार संपर्क साधकर इस जर्जर सड़क को बनवाने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनूप कुमार चाकी ने बताया कि वह दो बार इस जर्जर मार्ग को बनाने के लिए एस्टीमेट बनाकर विभागीय उच्चाधिकारियों को काफी समय पहले ही भेज चुके थे। विभागीय उच्चाधिकारियों ने बजट न होने की बात कहकर उनके एस्टीमेट वापस कर दिए थे। अब उन्होंने तीसरी बार फिर एस्टीमेट बनाकर विभागीय उच्चाधिकारियों को भेजा है। यदि इस बार एस्टीमेट स्वीकृत हो गया तो बारिश के बाद मार्ग बनवा दिया जाएगा।
स्कूल और छह गांवों को जोड़ने वाली न्यूरिया की सड़क बदहाल
न्यूरिया। बस स्टैंड से रेलवे फाटक से होते हुए राजा काॅलोनी तक जाने वाली लगभग चार किलोमीटर सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह- जगह गड्ढे हो चुके हैं। बारिश से गड्ढों में पानी भर गया है। यह सड़क एक वर्ष से बदहाल है। इन दिनों सड़क के खस्ताहाल हो जाने के कारण लोगों की आवाजाही खासी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के साथ ही सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों को हो रही है।
दो काॅलेज, सीएचसी और कई काॅलोनियों का है रास्ता
इस सड़क पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा राजकीय इंटर काॅलेज और बालिका इंटर काॅलेज स्थित है। साथ ही सड़क से न्यूरिया काॅलोनी, भरतपुर काॅलोनी गुप्ता काॅलोनी, राजा काॅलोनी, गुलडिया बिथरा मुख्तियार काॅलोनी के लोगों का भी आना-जाना लगा रहता है। यह सड़क उत्तराखंड के गांव सडपुडा और बग्घा-54 को भी जोड़ती है।
बारिश के दिनों में इस सड़क से आने-जाने में अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। गहरे गड्ढे हो गए हैं। मार्ग के निर्माण के लिए शासन -प्रशासन से कई बार मांग की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। इसी मार्ग से होकर मरीजों को अस्पताल ले जाया जाता है। छात्र- छात्राओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। -सुशांत मंडल, बंगाली काॅलोनी
बंगाली काॅलोनी रेलवे फाटक से राजा काॅलोनी तक मार्ग बदहाल है। जबकि इसी मार्ग पर शिव मंदिर भी है। रास्ता खराब होने के कारण भक्तों को मंदिर पर आने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। रास्ते में लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है। रात में राहगीरों को अधिक परेशानी होती है। -विक्की रस्तोगी, न्यूरिया

बीसलपुर का जर्जर फरीदपुर रोड । संवाद