Pilibhit News: स्कूल-मंदिर के पास शराब की दुकान हटवान के लिए डीएम से मिले ग्रामीण

डीएम कार्यलय पर ज्ञापन देने पंहुचे ग्रामवासी ।संवाद
पीलीभीत। थाना बरखेड़ा की ग्राम पंचायत जिरौनिया के ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर स्कूल और मंदिर के पास स्थित शराब की दुकान को हटवाने की मांग की है। उनका कहना है कि शराब की दुकान के पास शराबी आए दिन हुड़दंग करते हैं। इससे आसपास के लोगों और राहगीरों को परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के मुख्य मार्ग के पास जूनियर स्कूल व मंदिर के पास ही शराब की दुकान है। इससे छात्र-छात्राओं पर बुरा असर पड़ रहा है। साथ ही विद्य्रालय पहुंचने वाली शिक्षिकाओं को भी काफी दिक्कत होती है। शराबियों की हरकतों से पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत होती हैं। बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को भी इस बारे में अवगत कराया जा चुका है।
डीएम को ज्ञापन देने वालों में राजेश्वरी देवी, अनीता देवी, गुड्डी देवी, मीना देवी, रामलली,धर्मवीर, सुरेश, भजनलाल और सुशीला देवी शामिल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्दी ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे।