Pilibhit News: कीमतों से टमाटर लाल, बैंगन भी खा रहा भाव
पीलीभीत। सावन के महीने में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे गृहणियों को रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। टमाटर, तुरई, हरा धनिया, अदरक आदि सब्जियों की कीमतें दोगुने हो गई हैं। बीच में टमाटर 120 रुपये किलो चला गया था, लेकिन अब 100 रुपये किलो तक आ गया है। इन दिनों में बैंगन सस्ता होता था, लेकिन अब बैंगन भी भाव खा रहा है और 50 रुपये किलो में बिक रहा है। लोगों का चटनी से रोटी खाना भी महंगा हो गया है। हरा धनिया 300 रुपये किलो है।
मंडी के आढ़तियों की मानें तो आसपास के क्षेत्रों सब्जी पैदा करने वाले किसान अभी यहां की मंडियों में अपनी फसल को नहीं बेच रहे हैं। अच्छे दाम मिलने के कारण किसान बरेली या दिल्ली की मंडियों में सब्जी बेच रहे हैं। वहां उन्हें अच्छे दाम मिल रहे हैं। जिले में बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हल्द्वानी, देहरादून से सब्जियां आ रही हैं। बाजार में इस समय पहाड़ी टमाटर खूब आ रहा है। इसे हल्द्वानी से मंगवाया जा रहा है।
बंदगोभी व फूल गोभी भी हल्द्वानी से आ रही है। हरा धनिया इन दिनों देहरादून से आ रहा है। थोक दुकानदारों का कहना है कि सब्जी के दाम पिछले 20-25 दिनों से बढ़े हुए हैं। भाव में उतार के अभी कोई आसार भी नजर नहीं आ रहे। मंडी में स्थानीय किसान सब्जी कम लेकर आ रहे हैं। इसका भी असर पड़ रहा है।
सब्जियों के दामों में इजाफा हुआ है। गनीमत है कि आलू-प्याज का मूल्य अभी नहीं बढ़ा है। बरसात में इनके दाम बढ़ सकते है। लोग स्टॉक कर लेते है। – नरेश आलू, प्याज विक्रेता।
हर सब्जी महंगी हुई है। महंगाई के चक्कर से लोग सब्जी भी कम खरीद रहे हैं। इससे काफी सब्जी गर्मी के चलते खराब भी हो जाती है। – अजीम, विक्रेता।
किसान सब्जी को बाहर भेज रहा है। जिससे यहां आनी वाली सब्जी महंगी है। बरसात होते ही सब्जियों के दाम कम होने लगेंगे। -अकबर, आढ़ती।
मौसमी सब्जियों में इस बार काफी महंगाई आई है। एक किलो की चीज लोग आधा किलो खरीद रहे हैं। इससे व्यापार पर भी काफी असर आया है। – नरेंद्र मौर्य, विक्रेता।